गोरखपुर : 29 अक्टूबर को होगा अनुसूचित जाति महासम्मेलन

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के गोरखपुर क्षेत्र ने 29 अक्टूबर को गोरखपुर क्षेत्र में अनुसूचित जाति महासम्मेलन करवाने का निर्णय लिया है। हालांकि इसके लिए स्थान का चयन नहीं हो सका है। क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय इस बावत पदाधिकारियों से रायशुमारी कर जल्दी ही स्थान की घोषणा करेंगे।

इधर, प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल ने गोरखपुर क्षेत्र में 29 अक्टूबर को प्रस्तावित अनुसूचित जाति महासम्मेलन के लिए भी टिप्स दिए। इस समाज को भाजपा से जोड़े रखने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि इस समाज के लिए केंद्र और प्रदेश सरकार इस समाज के लिए बहुत काम किया है। डॉ भीमराव आंबेडकर का उदाहरण देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बाबा साहेब से जुड़े स्थानों को पंच तीर्थ की पहचान दी है। भाजपा सरकारों ने अगर काम किया है तो इसका मैसेज भी अनुसूचित समाज के लोगों में जाना चाहिए। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों से महासम्मेलन में अनुसूचित समाज के लोगों की जबरदस्त भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा ताकि यह संदेश जाए कि इस समाज के लोग भाजपा के साथ हैं और विपक्षी दलों के साजिश का पर्दाफाश हो सके।

क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय ने विचार विमर्श कर महासम्मेलन का स्थान तय करने की बात कही। आभार अनुसूचित जाति मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष चंदू सरोज ने जताया। संचालन पूर्व महानगर अध्यक्ष राहुल श्रीवास्तव और दीपक कुमार ने किया।