नारी शक्ति सावन उत्सव-2023 का हुआ आयोजन


आजमगढ़। सावन महीने में एक खास ऊर्जा होता है, चारों दिशाओं में हरियाली मन को आनंदित कर देती है। इसी को जीवंत करने के लिए नारी शक्ति संस्थान की ओर से नारी शक्ति सावन उत्सव-2023 का आयोजन नगर के ब्रह्मस्थान स्थित टिप्सी टोप्सी हाल में किया गया। सावन के उत्सव में महिलाओं को सराबोर करने के लिए संस्थान द्वारा हरियाली युक्त माहौल तैयार कर कजरी गीत के बीच झूला, आदि का प्रबंध किया गया, सावन के बयार में हर किसी का पैर कजरी गीतों पर थिरकन करने लगा। सावन उत्सव में सावन सुंदरी, मेहंदी, कजरी गीत, नृत्य प्रतियोगिता सभी के आकर्षक का केंद्र रहा।

संस्था अध्यक्ष विदुषी अस्थाना ने कहा कि कार्यक्रम भारतीय संस्कृति के पारम्परिक उत्सवों के संरक्षण एवं उसके विकास के लिए समर्पित है। आज आधुनिकता के दौड़ में हमारे पारंपरिक उत्सव कजरी आदि विलुप्त होने की कगार पर है पहले गांव से लेकर शहर तक कजरी गीत सावन में सुनाई पड़ते थे लेकिन आज इन गीतों का अभाव सा हो गया है और उसको गाने वाले भी कम हो गए हैं ऐसे कार्यक्रमो से इनके प्रचार प्रसार में मदद मिलती है. ऐसे आयोजन के लिए संस्थान अनवरत प्रयास करती रहेगी।
नारी शक्ति संस्था की सचिव डॉ पूनम तिवारी ने कहा कि उत्सव हमारे जीवन मे नई ऊर्जा का संचार करते हैं। बदलते परिवेश में बहुत कुछ रीति रिवाजों को आज बचाने की जरूरत है, इसी उदेश्य को पूर्ण करने के संस्थान प्रयासरत हैं ताकि पारम्परिक उत्सव कजरी आदि का संरक्षण एवं संवर्धन हो सके।
विजेताओं के नाम की घोषणा करते हुए सचिव डॉ तिवारी ने बताया कि सावन सुंदरी रिंकी प्रशांत, मेहंदी अनामिका प्रजापति, कजरी गीत सीमा श्रीवास्तव व नृत्य में ऋतु अग्रवाल को विजयी घोषित किया। उत्सव में कजरी गीत मुरली बाज रही मधुवन में टूटा शिवशंकर का ध्यान, रामा कारे बादल छाए, चला भोले के जलवा चढ़ाई, मोती झील से आदि की प्रस्तुति से महिलाएं झुमती नजर आई। आंगतुकों के प्रति अध्यक्षीय आभार मंजू उपाध्याय ने जताया। संचालन अंशू अस्थाना ने किया। इस अवसर पर नारी शक्ति संस्थान की सभी संरक्षक, पदाधिकारी एवं सदस्यगण मौजूद रही।