रायबरेली में मजदूर को बाइक सवार बदमाशों ने मारी गोली, हालत गंभीर

मजदूरी करने वाले एक युवक को बुधवार शाम बाइक सवार बदमाशों ने गोली मार दी। जिससे युवक और उसके पीछे बाइक पर बैठा राजगीर गंभीर रूप से घायल हो गया है। घायलों को पुलिस ने अस्पताल में पहुंचाया है। पुलिस ने क्षेत्र की नाकेबंदी करके हमलावरों की तलाश कर रही है।

गदागंज थाना क्षेत्र के गांव बासी निवासी सिंटू सिंह पुत्र यशवंत सिंह तहसील में उप संविदा पर काम करते हैं। इस समय ऊंचाहार तहसील में भवनों की मरम्मत और नाली निर्माण का काम चल रहा है। इस कार्य को सिंटू सिंह कर रहे हैं।

बुधवार की देर शाम वह काम खत्म करके अपने साथ राजगीर सुनील सैनी निवासी गांव मालिन का पुरवा के साथ अपने घर जा रहे थे। ऊंचाहार थाना क्षेत्र में ऊंचाहार कानपुर मार्ग पर जमुनापुर चौराहा से पहले गनपी पुलिया के पास बाइक सवार दो लोगों ने अचानक उन पर फायर कर दिया। जिससे वह अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गए। फायर के कारण उनकी पीठ में कुछ छर्रे लगे, जबकि उनके पीछे बैठे राजगीर को भी मामूली जख्म हुआ है। घटना के बाद हमलावर बहुत तेजी के साथ जमुनापुर की ओर भाग गए। लोगों ने जब फायरिंग की आवाज सुनी तो दौड़कर मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

सूचना के बाद घटनास्थल में पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया है। कोतवाल आदर्श कुमार सिंह ने बताया कि घायलों का उपचार कराया जा रहा है। हमलावरों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।