भाजपा सरकार समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं का कर रही है उत्पीड़न : शिवपाल सिंह यादव

। समाजवादी पार्टी(सपा) के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने बुधवार को कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर को सम्बोधित करते भाजपा सरकार पर कार्यककर्ताओं के उत्पीड़न करने का आरोप लगाया। उन्होंने कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि वह सड़क पर उतरेंगे तो भाजपा के लोग अपने आप सुधर जाएंगे। विपक्षी दलों के आई.एन.डी.आई. गठबंधन पर कहा कि मिलजुल कर चुनाव लड़ा जाएगा। भाजपा को यूपी से हराना ही सभी का लक्ष्य है।

वह उक्त बातें प्रतापगढ़ जिले में शहर के राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान में लोक जागरण अभियान के तहत आयोजित शिविर को सम्बोधित करते हुए कही।

लोकसभा चुनाव करीब आते देख सपा के वरिष्ठ नेता व राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव पुराने रौ में नजर आए। बोले कि रामपुर के बाद सबसे अधिक मुकदमा प्रतापगढ़ में सपाइयों के ऊपर हुआ है। डरने की जरूरत नहीं है, अब वह आ गए हैं। सपा का हर कार्यकर्ता लड़ाकू व संघर्षशील है। वह सड़क पर उतरेंगे तो भाजपा को रास्ता नजर नहीं आएगा।

इसके पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम ने पार्टी का ध्वजारोहण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और पदाधिकारी इसमें शामिल होने के लिए पहुंचे। अन्य वक्ताओं ने बूथ अध्यक्षों पर फोकस रखते हुए उनके मान सम्मान की बात कही। केंद्र व प्रदेश सरकार की खामियां और पूर्व सपा सरकार की उपलब्धियां जन-जन तक पहुंचाने को कहा।