मसूरिया पहाड़ी से गिरा युवक, मौत

शहर के मसूरिया बाबा रामदेव मंदिर के पास में पहाड़ी से गुरुवार सुबह एक युवक गिर गया। पहाड़ी से नीचे गिरने पर उसकी तत्काल मृत्यु हो गई। घटना की जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को अस्पताल लेकर गए। मगर डॉक्टर ने उसे मृत बता दिया। मृतक की पहचान दोपहर तक नहीं हो पाई। वह सेल्फी लेते गिरा या सुसाइड किया फिलहाल इस बारे में खुलासा नहीं हो पाया है।

 

देवनगर थानाधिकारी संजीव स्वामी ने बताया कि सुबह सूचना मिली कि मसूरिया पहाड़ी इलाके से एक युवक गिर गया है। इस पर पुलिस वहां पहुंची और सर्च किया गया। बाबा रामदेव मंदिर के स्वयंसेवकों और पुलिस के जवानों ने मिलकर बाद में झाडिय़ों में युवक को ढूंढा निकाला। वह खून से लथपथ हो चुका था और उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया। मगर डॉक्टर ने उसे मृत बता दिया। थानाधिकारी स्वामी ने बताया कि मृतक की पहचान नहीं हो पाईहै।