गोरखपुर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो.राजेश सिंह हटाए गए

गोरखपुर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो.राजेश सिंह को हटा दिया गया है। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने उनके स्थान पर लखनऊ विश्वविद्यालय की प्रोफेसर पूनम टण्डन को दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय का कुलपति नियुक्त किया है। यह जानकारी राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव डा.सुधीर एम.बोबड़े ने दी।

गोरखपुर विश्वविद्यालय में भ्रष्टाचार व छात्र हितों की अनदेखी पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने कुलपति प्रो.राजेश सिंह के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था। अभाविप कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय परिसर में प्रदर्शन किया। इस दौरान कुलपति से धक्का मुक्की होने पर अभाविप कार्यकर्ताओं के ऊपर एफआईआर कराई गयी थी। इसके बाद अभाविप ने राज्यपाल से कुलपति प्रो.राजेश सिंह को हटाने की मांग की थी। अंतत: अभाविप की मांग को मानते हुए राज्यपाल ने उनके स्थान पर नये कुलपति की तैनाती कर दी है।