फौजी ने खुद को गोली से उड़ाया

एक रिटायर्ड फौजी ने रविवार को लाइसेंसी रायफल से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। गोली की आवाज से परिवार में हड़कंप मच गया। परिजन जब तक फौजी के कमरे में पहुंचे तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। घटनास्थल की भी गहराई से छानबीन की गई है।

फौजी द्वारा गोली मारकर आत्महत्या का यह मामला सुमेरपुर थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव का है। यहां 40 वर्षीय हरिविजय सिंह फौज में सिपाही पद से रिटायर होने के बाद थानाक्षेत्र के नारायणपुर गांव में अपने बड़े भाई पुलिस में दरोगा विजय सिंह के साथ रह रहा था। उसकी शादी 2009 में सुमेरपुर में हुई थी। लेकिन पत्नी से रिश्ते बिगड़ने की वजह से करीब तीन साल पूर्व दोनों का तलाक हो गया था। उन्हें कोई संतान भी नहीं थी।

हरि विजय सिंह ने अपने इसी भाई के घर में लाइसेंसी रायफल से खुद को गोली मार ली, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गोली की आवाज सुनकर परिजन जब तक मौके पर पहुंचे तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। घटनास्थल पर फील्ड यूनिट की टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं।