संघ के वरिष्ठ प्रचारक वीरेश्वर द्विवेदी का निधन

। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के वरिष्ठ प्रचारक व राष्ट्रधर्म पत्रिका के पूर्व संपादक वीरेश्वर द्विवेदी का सोमवार को लखनऊ के डा.राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में निधन हो गया। वह 75 वर्ष के थे। पिछले महीने से वह किडनी रोग से पीड़ित थे। पिछले एक महीने से अधिक समय से वह लोहिया संस्थान में भर्ती थे।

उनके निधन से संघ परिवार में शोक की लहर है। अंतिम दर्शन भारती भवन में सायं 7 बजे तक होंगे। इसके बाद पार्थिव शरीर उनके गांव कानपुर देहात के राजपुर के पास स्थित भालपुर जायेगा।

वीरेश्वर द्विवेदी पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेई के सलाहकार भी रहे। वह विद्यार्थी परिषद के प्रान्त संगठन मंत्री,क्षेत्र के बौद्धिक प्रमुख और उत्तर प्रदेश के प्रचार प्रमुख रहे। विश्व हिन्दू परिषद में भी लम्बे समय तक केन्द्रीय पदाधिकारी भी रहे। वर्तमान में उनका केन्द्र लखनऊ स्थित विश्व संवाद केन्द्र था।

राष्ट्रधर्म के प्रबंध संपादक पवन पुत्र बादल ने हिन्दुस्थान समाचार को बताया कि वह 1984 से 1995 तक राष्ट्रधर्म के संपादक रहे। लोकहित प्रकाशन से उनके द्वारा लिखित पांच पुस्तकें भी प्रकाशित हुई हैं

विश्व हिन्दू परिषद के क्षेत्र संगठन मंत्री गजेन्द्र सिंह,राष्ट्रधर्म के प्रभारी सर्वेश द्विवेदी,चन्द्र प्रकाश अग्निहोत्री व संघ के प्रचारक व बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भारती भवन पहुंचकर उनका अंतिम दर्शन किया।