राजनीति चमकाने में जनता के मुद्दे हुए पीछे’ प्रियंका गांधी

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी आज ग्वालियर में जन आक्रोश रैली को संबोधित करने के लिए पहुंची हैं। यह क्षेत्र ज्योतिरादित्य सिंधिया का गढ़ माना जाता है। इस दौरान प्रियंका गांधी ने मणिपुर के बहाने भाजपा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। इसके साथ ही उन्होंने ज्योतिरादित्य सिंधिया पर भी कटाक्ष किया। आपको बता दें कि कभी ज्योतिरादित्य सिंधिया प्रियंका गांधी और राहुल गांधी के बेहद करीबी माने जाते थे। हालांकि 2020 में कांग्रेस के नेताओं के साथ मतभेद के बाद उन्होंने भाजपा में जाना बेहतर समझा। आज ज्योतिरादित्य सिंधिया केंद्र सरकार में मंत्री हैं। उनके कांग्रेस छोड़ने से मध्यप्रदेश में कमलनाथ की सरकार भी गिर गई थी।

केंद्र पर निशाना

प्रियंका गांधी ने अपने संबोधन में कहा है कि देश में आज महंगाई अपने चरम पर है। यह एक बड़ा मुद्दा है। इसके साथ उन्होंने कहा कि महंगाई से देश की कमर टूट गई है। देश में महंगाई के साथ इतनी बेरोजगारी क्यों है? इसका जवाब देना होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में रोजगार के अवसर बंद किए जा रहे हैं। अग्निवीर ट्रेनिंग से लोग भाग रहे हैं। उन्होंने कहा कि आरोपों से अलग राजनीतिक नहीं हो सकती। नेताओं में दूसरों की बुराई करने का चलन है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भौकाल राजनीति में जनता के मुद्दे पीछे छूट गए हैं। मणिपुर 2 माह से चल रहा है। प्रधानमंत्री ने कुछ नहीं कहा था। कल जाकर प्रधानमंत्री ने अपनी चुप्पी तोड़ी है। सिंधिया पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि उनकी विचारधारा अचानक ही बदल गई।