विवाहिता की फांसी लगने से मौत, हत्या का आरोप

थाना फरिहा क्षेत्र अन्तर्गत रविवार को एक विवाहिता की फांसी लगने से मौत हो गयी। मृतका के मायका पक्ष ने ससुरालीजनों पर हत्या का आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल लायी है।

थाना फरिहा क्षेत्र के गांव फोकटी निवासी रुचि यादव (22) पत्नी राजीव यादव की फांसी लगने से मौत हो गयी। रुचि की मौत से ससुरालीजनों में कोहराम मच गया। चीख पुकार मचने पर लोगों की भीड़ जमा हो गयी। सूचना मिलते ही जनपद मैनपुरी के करहल थाना क्षेत्र के गांव डोमा निवासी मृतका के मायका पक्ष के लोग भी आ गये। मृतका के मौसेरे भाई धर्मेन्द्र यादव ने बताया कि रुचि की शादी लगभग साढ़े तीन माह पूर्व हुई थी। उसका आरोप है कि ससुरालीजनों ने अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर रुचि का उत्पीडन किया था। ससुरालीजनों ने दहेज की मांग को लेकर रुचि की हत्या कर शव को फंदे पर लटकाया है। मायका पक्ष ने सूचना पुलिस को दी। सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल लायी है। इस सम्बंध में थानाध्यक्ष फरिहा का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।