पति ने गोली मारकर की आत्महत्या, पत्नी ने खाया जहर

बहसूमा थाना क्षेत्र के अकबरपुर सादात में शुक्रवार को संपत्ति के विवाद में एक व्यक्ति ने गोली मारकर आत्महत्या कर ली। इसके बाद उसकी पत्नी ने भी जहरीला पदार्थ खा लिया। अस्पताल में महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

अकबरपुर सादात गांव निवासी ऋषिपाल के तीन बेटे हैं। सबसे बड़ा बेटा विपिन, मझला और छोटा बेटा अरविंद है। तीनों की शादी हो चुकी थी। मझले बेटे की शादी बड़े बेटे विपिन की साली से हुई। कुछ समय पहले मझले बेटे की बीमारी से मौत हो गई थी। उसके बच्चों और पत्नी की देखभाल बड़ा बेटा विपिन करता है। छोटा बेटा अरविंद बाहर नौकरी करता है। ऋषिपाल अपनी पूरी 24 बीघा जमीन छोटे बेटे अरविंद के नाम करना चाहता है। इसी बात को लेकर जन्माष्टमी पर भी झगड़ा हुआ था। तब ग्रामीणों और रिश्तेदारों ने जाकर मामले को शांत करा दिया। शुक्रवार को जमीन को लेकर घर में फिर झगड़ा हुआ। पिता ने कह दिया कि वह छोटे बेटे को ही सारी जमीन देगा। इसी बात से नाराज होकर बड़े बेटे विपिन ने तमंचे से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पति को मरता देखकर पत्नी सुंदरी ने भी जहरीला पदार्थ निगल लिया। ग्रामीणों ने महिला को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। इस घटना के बाद ऋषिपाल और अरविंद फरारी हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू कर दी और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसपी देहात कमलेश बहादुर सिंह के अनुसार, पूरे मामले की जांच कराई जा रही है।