नकली नोट बनाने की मशीन के साथ चार गिरफ्तार

जिले की कसुवा पुलिस की कार्रवाई में नकली नोट बनाने के आरोप में मशीन के साथ चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने आज बताया कि कसुवा के उत्तर शिमुलुगुरी में कसुवा पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापामारी की। छापामारी के दौरान बंदनागांव के एक दंपति सहित कुल चार लोगों को हिरासत में लिया गया। आरोपितों को उस समय गिरफ्तार किया गया जब वे नकली नोट के बंडल बेचने वाले थे।
अभियान का नेतृत्व कसुवा थाना प्रभारी राजा इरशाद ने किया। छापामारी में गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान विचेनो उइखान, ए शिमराई, उत्तर शिमुलुगुड़ी के इदरीस अली और काजीरंगा बालीसरिया के अनवर हुसैन के रूप में हुई है। गिरफ्तार किए गए लोगों से नकली नोट छापने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली प्रिंटिंग मशीन, छापने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले कागज, तीन मोबाइल हैंडसेट, पांच सौ रुपये के नौ नोट, नकली नोटों का एक बंडल जब्त किया गया। पुलिस ने एक वाहन (एएस-21सी-4119) को भी जब्त किया है। सभी लोगों के खिलाफ कसुवा पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है।