देशी बम फटा, मकान की छत उड़ी

सुमेरपुर क्षेत्र के ग्राम कैथी में रविवार को सुतली बम में कलर करते समय विस्फोट हो जाने से ग्रह स्वामी का मकान उड़ गया। गृह स्वामी के अलावा रास्ते से गुजर रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जबकि पड़ोसी के आंगन में खेल रहा पौत्र बाल-बाल बचा।

विस्फोट की भयंकर आवाज से गांव में दहशत फैल गई। कुछ ही देर में घटनास्थल पर ग्रामीणों का जमावड़ा लग गया। घायल गृह स्वामी के साथ युवक को उपचार के लिए पीएचसी मौहर लाया गया। हालत गंभीर होने पर गृह स्वामी को सदर अस्पताल तथा सदर अस्पताल से कानपुर रेफर किया गया है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

कैथी गांव निवासी आशादीन भुर्जी (58) अपने रिहायशी मकान में खाद, डीजल, चाय, समोसा के अलावा आतिशबाजी का काम करता है। रविवार को यह सुतली बम में कलर चढ़ा रहा था। अचानक विस्फोट हो जाने से इसकी मकान की दीवारें टूट गईं और मकान की छत हवा में झूलने लगी। विस्फोट में पड़ोसी देवीदीन का मकान भी क्षतिग्रस्त हुआ है। विस्फोट से आशादीन गंभीर रूप से घायल हो गया। साथ ही रास्ते से गुजर रहा गांव निवासी शिवबाबू पाल (22) गंभीर रूप से घायल हो गया। पड़ोसी देवीदीन का पौत्र कार्तिक 04 वर्ष बाल- बाल बच गया।

इस घटना से गांव में हड़कंप मच गया। घटना के समय आशादीन की पत्नी ममता देवी 55 वर्ष, पुत्री सावित्री 12 वर्ष घर में मौजूद थे। दोनों बाल-बाल बच गए हैं। घटना की सूचना पाकर थानाध्यक्ष राम आसरे सरोज, सीओ सदर राजेश कमल ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया। इसके साथ फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची है।